Breaking News

'मेरा युवा भारत' अभियान को मिशन मोड में चलाने के निर्देश, अधिकतम युवाओं के पंजीकरण पर जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 10 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 'मेरा युवा भारत' (MY Bharat) की जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित कर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए 1 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चल रहे विशेष पंजीकरण अभियान की समीक्षा की गई।

बैठक में मेरा युवा भारत शाहजहाँपुर के उप निदेशक माहे आलम ने बताया कि यह युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त संस्था है, जिसका उद्देश्य युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, कौशल विकास, सरकारी योजनाओं और रोजगारोन्मुखी अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने अभियान के पोस्टर का अनावरण करते हुए सभी विभागों से अधिक से अधिक युवाओं का पंजीकरण कराने की अपील की।

बैठक में शिक्षा विभाग के माध्यम से सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में विशेष पंजीकरण अभियान चलाने, प्रत्येक विभाग, शिक्षण संस्थान एवं कार्यालय में नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा विकासखंड और तहसील स्तर तक अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया गया। ग्राम पंचायत सहायकों और स्थानीय संस्थानों के सहयोग से शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने की रणनीति भी तैयार की गई।

बैठक में युवाओं को स्वतंत्रता दिवस प्रश्नोत्तरी, नशा मुक्त भारत प्रश्नोत्तरी, भारतीय राष्ट्रीय ध्वज प्रश्नोत्तरी, शपथ एवं जनजागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए प्रत्येक पात्र युवा का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में व्यापक पंजीकरण अभियान चलाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि 'मेरा युवा भारत' केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक विकास, स्वयंसेवा और नेतृत्व विकास से जोड़ने का सशक्त राष्ट्रीय मंच है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयास कर शाहजहाँपुर को प्रदेश में सर्वाधिक पंजीकरण करने वाले अग्रणी जनपदों में शामिल कराने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments