स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहाँपुर ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से संचारी रोगों की रोकथाम एवं जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित रेड क्रॉस कार्यालय में आयुष चिकित्सकों एवं समाजसेवियों के साथ एक विचार गोष्ठी आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के आजीवन सदस्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेहरामऊ के चिकित्सक डॉ. उस्मान अली खान ने की।
रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश रेड क्रॉस सोसाइटी के सभापति एवं उपमुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे प्रदेश में संचारी रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। जनपद में यह अभियान जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सहयोग से चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों को स्वास्थ्य विभाग के साथ जोड़कर गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम तथा जनस्वास्थ्य से जुड़े व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. उस्मान अली खान ने कहा कि वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस सहित अन्य संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से घर और आसपास साफ-सफाई रखने, जलभराव रोकने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने तथा बुखार, दस्त या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की।
वहीं, रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य डॉ. मुजीब उल्ला खान ने कहा कि संचारी रोग बैक्टीरिया, वायरस, फफूंद और परजीवियों के कारण फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, हाथों की नियमित सफाई, समय पर टीकाकरण और चिकित्सकीय परामर्श बेहद आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जनहित में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लगातार कार्य करती रहेगी। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अपनाने और किसी भी संक्रामक रोग के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
डॉ. विजय जौहरी, डॉ. उस्मान अली खान, डॉ. मुजीब उल्ला खान, डॉ. मसरूर, मुरारी दीक्षित, नवजोत सिंह, बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, चन्द्रसेन वर्मा, रवि बाबू, रामकुमार सक्सेना, अमुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी, शीला देवी, राजीव राठौर, इमरान खान, अवनीश सक्सेना सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments