Breaking News

सकरन: कीचड़ में उतरे ग्रामीण, सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन; बोले— "पहले सड़क, फिर वोट"

 

सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

सीतापुर। विकास खंड सकरन की ग्राम पंचायत मोहारी के मजरा महतीनपुरवा में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को खुलकर सामने आया। ग्रामीण कीचड़ और जलभराव से भरे मुख्य मार्ग पर उतर आए और प्रदर्शन करते हुए सड़क निर्माण की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने नारा दिया— "पहले सड़क, फिर वोट"।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में करीब 110 घर, 300 मतदाता और लगभग 500 की आबादी निवास करती है, लेकिन आज तक मुख्य मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया। बरसात के मौसम में कच्चा रास्ता पूरी तरह कीचड़ और जलभराव में तब्दील हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीण रामू यादव ने बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और सचिव से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं सरोज कुमार ने कहा कि यह गांव का मुख्य संपर्क मार्ग है, इसके बावजूद वर्षों से उपेक्षा का शिकार है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में नाली और खड़ंजा निर्माण के नाम पर लाखों रुपये का फर्जी भुगतान कर लिया गया, जबकि जमीनी स्तर पर कार्य अधूरे हैं।

प्रदर्शन में देशराज, दिलीप, दिनेश, राजू, राकेश, जानकी, रामसेवक, विजयपाल, तीरथराम, अविनेश, जगदीश भार्गव, श्रीकृष्ण, अनूप सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने जिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी से तत्काल सड़क निर्माण कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

वहीं, इस संबंध में खंड विकास अधिकारी सकरन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

Post a Comment

0 Comments