Breaking News

ऑपरेशन CYVAJRA में शाहजहाँपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, साइबर फ्रॉड के 9 आरोपी गिरफ्तार

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

करीब ₹26.55 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, लैपटॉप-मोबाइल समेत बैंकिंग सामग्री बरामद

शाहजहाँपुर। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन CYVAJRA के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड से जुड़े 9 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल चार मुकदमे दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण के अभियान के क्रम में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन में साइबर सेल, साइबर थाना, सर्विलांस/एसओजी और संबंधित थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों एवं शिकायतों की जांच के आधार पर कार्रवाई की।

थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र में ₹3,91,901 की कथित साइबर ठगी के मामले में आस्था सिंह के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं थाना कांट पुलिस ने लखविन्दर, राहुल यादव, राशिद खान, देवेश उर्फ देव, सईद सिद्दीकी और वसीम से जुड़े करीब ₹21.60 लाख के साइबर फ्रॉड मामले में कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक कांट थाना क्षेत्र के मामले में आरोपियों के कब्जे से एक HP लैपटॉप, चार्जर, की-बोर्ड, माउस, 7 मोबाइल फोन, 3 चेकबुक, एक पैन कार्ड और दो डेबिट कार्ड बरामद किए गए।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने कमीशन का लालच देकर लोगों से बैंक खातों की जानकारी लेने और कथित SMS APK के माध्यम से बैंकिंग OTP एवं संदेश हैंडलर तक पहुंचाने की बात बताई। ठगी से प्राप्त कमीशन कथित तौर पर USDT में लिया जाता था और आपस में बांटा जाता था।

थाना मिर्जापुर क्षेत्र में भी प्रदीप कुमार से जुड़े ₹33,500 और नन्हें से जुड़े ₹22,500 के कथित साइबर फ्रॉड के मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पूरे अभियान में 4 अभियोग दर्ज किए गए हैं और लगभग ₹26.55 लाख की साइबर फ्रॉड धनराशि से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई है।

सच की आवाज वेब न्यूज़
डिजिटल भारत की नई आवाज

Post a Comment

0 Comments