स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहजहाँपुर पुलिस ने 07 अगस्त 2026 को कुल 50 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया।
पुलिस के अनुसार, अभियान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में संचालित किया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
विशेष अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी को अपने सर्किल में कम से कम एक तथा थाना प्रभारी को अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर प्रतिदिन मौके पर शिकायतों का निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस टीम द्वारा शिकायतकर्ता के घर एवं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण, दोनों पक्षों से बातचीत और फीडबैक के आधार पर शिकायत का समाधान कराया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना और उनकी शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित करना है।
