एसटीएफ और तिलहर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 36 किलो गांजा समेत पिता-पुत्र गिरफ्तार


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। थाना तिलहर पुलिस और एसटीएफ फील्ड यूनिट बरेली की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 36 किलोग्राम अवैध गांजा समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी आपस में पिता-पुत्र बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 07 अगस्त 2026 को थाना तिलहर पुलिस एवं एसटीएफ टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर सरयू से आगे बंद पड़े सरसों तेल के गोदाम के सामने हाईवे के पास मौजूद है।

सूचना पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब शाम 7:33 बजे दो आरोपियों को पकड़ लिया। उनकी पहचान जगजीत सिंह (57) और उसके पुत्र आयुष (19), निवासी ग्राम तियरा हैदरपुर, थाना नगरा, जनपद बलिया के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 36 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और 970 रुपये नकद बरामद किए।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोनों गांजा तस्करी करते हैं और बलिया से गांजा लाकर तिलहर में एक व्यक्ति को सप्लाई करते थे। पुलिस के अनुसार संबंधित व्यक्ति बंद पड़े सरसों तेल के गोदाम के सामने आकर गांजा की खेप लेता था।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना तिलहर में मु0अ0सं0 421/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना तिलहर के प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, उपनिरीक्षक हरकिशोर मौर्य तथा एसटीएफ फील्ड यूनिट बरेली के उपनिरीक्षक अजयवीर सिंह समेत पुलिस एवं एसटीएफ के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।


Previous Post Next Post