स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 03 अगस्त 2026। नगर निगम शाहजहाँपुर की आईईसी टीम एवं आईटीसी मिशन सुनहरा कल के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जोन-01 के वार्ड-38 बिजलीपुरा स्थित श्री हरिश्चंद्र बाल विद्या मंदिर में स्कूल अवेयरनेस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" विषय पर छात्र-छात्राओं को व्यक्तिगत स्वच्छता, नियमित रूप से हाथ धोने, विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने तथा स्वच्छ आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई और उन्हें अपने घर, विद्यालय तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम की आईईसी टीम, आईटीसी मिशन सुनहरा कल, विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री आराध्या चौहान, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
नगर निगम द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जन-जागरूकता बढ़ाकर "स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर शाहजहाँपुर" के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
