इंदिरानगर में घर में घुसकर चोरी के दौरान बुजुर्ग दंपती से मारपीट, दो आरोपी गिरफ्तार

 

ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली लखनऊ ✍️

लखनऊ। इंदिरानगर थाना क्षेत्र के बजरंग चौराहे के पास घर में घुसकर चोरी के प्रयास के दौरान परिवार के सदस्यों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, 25 जुलाई 2026 को दीपक गुप्ता द्वारा थाना इंदिरानगर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि दो अज्ञात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर घर में घुसे और चोरी के प्रयास के दौरान उनकी माता शांति देवी, पिता उमेश चन्द्र गुप्ता तथा बहन के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित की गई थीं। अपराध शाखा लखनऊ, डीसीपी पूर्वी की क्राइम/सर्विलांस टीम एवं थाना इंदिरानगर पुलिस के संयुक्त प्रयास से 08 अगस्त को मानस तिराहे स्थित पार्क के पास से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदयराज पुत्र हरिहर प्रसाद, निवासी दहला, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर तथा विनोद वर्मा पुत्र श्रीराम, निवासी समरदहा, थाना रामपुर मथुरा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आला नकब भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों से घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपी विनोद वर्मा और उदयराज के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

थाना इंदिरानगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है।

Previous Post Next Post