ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जनपद भ्रमण के दौरान जिला मेमोरियल चिकित्सालय का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी एवं ओपीडी का जायजा लेते हुए मरीजों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सालय की स्वच्छता, चिकित्सा सेवाओं, आधारभूत सुविधाओं एवं मरीजों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं मरीज हितैषी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नेत्र शल्य कक्ष, टेलीमेडिसिन कक्ष एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया। जन औषधि केंद्र पर मरीजों को किफायती दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा टेलीमेडिसिन सेवा का अधिक से अधिक लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
अस्पताल में अग्निशमन यंत्रों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं कर्मचारियों को इनके संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने दो क्षय रोग मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
सर्पदंश के मामलों को लेकर विशेष निर्देश
उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती तथा सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों के नियमित संचालन के निर्देश दिए। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में साफ-सफाई, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और मरीजों के अनुकूल वातावरण बनाए रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने लंबे समय से परिसर में खड़े निष्प्रयोज्य वाहनों एवं कबाड़ की नियमानुसार नीलामी कराने, टूटे-फूटे सामान को हटाने तथा बिखरे विद्युत तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय को जनपद के मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी कर कमियों को समयबद्ध ढंग से दूर कराने को कहा।
भ्रमण के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छ परिसर का संदेश भी दिया।
इस अवसर पर विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम, निवर्तमान विधायक शैलेश कुमार सिंह ‘शैलू’, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
