स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 29 जुलाई 2025। जनपद शाहजहांपुर की ब्लॉक कलान और मिर्जापुर के विकासशील गांवों में "नेशनल मिशन ऑन न्यूचरल फार्मिंग" परियोजना के अंतर्गत ग्राम पैलानी उत्तर (ब्लॉक मिर्जापुर) में एक कृषक प्रशिक्षण बैठक का आयोजन किया गया।
इस बैठक में उपस्थित किसान सदस्यों को फार्मर मास्टर ट्रेनर राजेश सक्सेना द्वारा रासायनिक खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि असंतुलित रासायनिक उर्वरकों व कीटनाशकों के अत्यधिक प्रयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति, मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर गंभीर असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि अनियमित खेती से ग्लोबल वार्मिंग, ओजोन परत का क्षरण, जलवायु असंतुलन और भूजल स्तर में गिरावट जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं। इस संदर्भ में किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
फार्मर मास्टर ट्रेनर चंद्रपाल 'कवि' ने प्राकृतिक खेती से जुड़े घरेलू जैविक उपायों जैसे घनजीवामृत, जीवामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र व अग्नास्त्र के निर्माण और उनके प्रयोग के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों से गौ आधारित जैविक खेती को अपनाने का आह्वान किया जिससे न केवल पर्यावरण संरक्षित होगा बल्कि कृषि लागत भी घटेगी।
इस प्रशिक्षण बैठक में कलस्टर प्रभारी लोकेश जी (T.A.), वीरपाल (A.T.M.), नीरज जी (S.M.S.) समेत अन्य कृषि विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती के फायदों के प्रति जागरूक करना और रासायनिक खेती से होने वाले नुकसान से बचाना रहा।
0 Comments