स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। विश्व स्तनपान सप्ताह के शुभारंभ पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाहजहांपुर द्वारा बरेली मोड़ स्थित एक संस्थान में स्तनपान जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में मौजूद महिलाओं ने स्तनपान के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
गोष्ठी में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि रेड क्रॉस संस्था का उद्देश्य मां और शिशु के स्वास्थ्य व पोषण को बढ़ावा देना है। विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में अनाथ शिशुओं व विधवा गर्भवती महिलाओं की मदद के लिए संस्था सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
डॉ. जौहरी ने बताया कि अब भारत में भी दूध दान बैंक की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। जैसे कि ऑस्ट्रेलियाई रेड क्रॉस द्वारा लाइफब्लड दूध दान कार्यक्रम संचालित किया जाता है, वैसे ही भारत में पहला दूध बैंक वर्ष 1998 में सायन हॉस्पिटल, मुंबई में और 2017 में लेडी हाडिर्ंग मेडिकल कॉलेज, दिल्ली में "वात्सल्य–मातृ अमृत कोष" की स्थापना की गई।
उन्होंने यह भी कहा कि पन्ना धाय जैसे ऐतिहासिक उदाहरण आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं। वर्तमान में असहाय और अनाथ बच्चों को मां के दूध के रूप में संजीवनी देने के लिए धाय मां जैसी परंपरा को पुनर्जीवित करने की जरूरत है। इसके लिए रेड क्रॉस जन जागरूकता अभियान चला रही है।
गोष्ठी में नीति, सिखा, संगीता, मीरा, शुभा, पूनम, सीमा सहित अनेक महिलाएं और रेड क्रॉस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
डॉ. विजय जौहरी
जिला सचिव
इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाहजहांपुर
0 Comments