Breaking News

सकरन धान क्रय केंद्र पर फर्जीवाड़े का आरोप, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष ने डीएम से की जांच की मांग

 

AI द्वारा बनाया गया चित्र 

ब्यूरो रिपोर्ट: अंकुल गुप्ता | सीतापुर

सकरन (सीतापुर)। विकास खंड सकरन में धान खरीद को लेकर बड़े फर्जीवाड़े के आरोप सामने आए हैं। कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने जिलाधिकारी सीतापुर को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि बिचौलियों द्वारा कागजों पर धान खरीद दिखाकर सरकारी व्यवस्था का दुरुपयोग किया जा रहा है।

शिकायत के अनुसार, विकास खंड सकरन के नसीरपुर गांव निवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वी-पैक्स लिमिटेड महराजनगर का धान क्रय केंद्र बिसवां गल्ला मंडी में संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि समिति के अध्यक्ष श्यामू गुप्ता और सचिव प्रमोद कुमार द्वारा वास्तविक किसानों का धान न खरीदकर दलालों और बिचौलियों का धान खरीदा जा रहा है।

शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि जिन किसानों के नाम पर धान खरीद दिखाई गई है, उनकी पहचान छिपाने के लिए गांवों के नाम कोड वर्ड में दर्ज किए गए हैं, ताकि वास्तविक सत्य का पता न चल सके। आरोप है कि 25 अक्टूबर 2025 से 2 जनवरी 2026 के बीच 93 किसानों से कुल 739.64 टन धान की खरीद दर्शाई गई है, जिसकी कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 76 लाख 69 हजार 999 रुपये बताई गई है।

शिकायत में दर्ज आंकड़ों के अनुसार, कई किसानों के नाम के साथ गांव के नाम अंकों या कोड के रूप में दर्शाए गए हैं। उदाहरण के तौर पर संजय कुमार निवासी 88888 से 8.2 टन, राजनारायण निवासी 00 से 8.32 टन, सौम्या देवी निवासी 52 से 12.4 टन, सुमन देवी निवासी 14 से 9.96 टन, रामनरेश निवासी 14 से 9.96 टन, कुलदीप कुमार निवासी 74 से 9.8 टन, मनोज निवासी 14 से 8.08 टन, रेनू देवी निवासी 525 से 14.92 टन, रिंकी गुप्ता निवासी 41 से 18.48 टन, जगदीश निवासी 88888 से 8.36 टन, प्रताप निवासी 8888888 से 7.08 टन तथा संजय कुमार निवासी 421 से 15.08 टन धान की खरीद दर्शाई गई है।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि गांवों के नाम कोड वर्ड में लिखकर बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments