शाहजहाँपुर | 28 जनवरी 2026
जनपद में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री धर्मेन्द्र प्रताप सिंह द्वारा आवश्यक प्रशासनिक आदेश जारी किए गए हैं। इस वर्ष होली का पर्व 04 मार्च 2026 को मनाया जाएगा, जिस अवसर पर जनपद के विभिन्न क्षेत्रों, विशेष रूप से थाना कोतवाली एवं थाना सदर बाजार क्षेत्र में परंपरागत रूप से बड़े लाट साहब सहित 06 अन्य लाट साहब के जुलूस निकाले जाएंगे।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार सदर बाजार क्षेत्र से निकलने वाले जुलूस, जिनमें महेश मुन्नालाल, छोटी सब्जी मंडी एवं बहादुरगंज क्षेत्र शामिल हैं, के लिए दिनांक 04.03.2026 को प्रातः 08:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
जुलूस छोटी सब्जी मंडी, बहादुरगंज से प्रारम्भ होकर सरस्वती प्रेस वाली गली, बहादुरगंज चौराहा, मोहल्ला उस्मानबाग चौराहा, निशात तिराहा, नगर पालिका परिषद, थाना सदर बाजार होते हुए बहादुरगंज में समाप्त होगा।
जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया है कि जोनल, सेक्टर, उप-सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की बैठक दिनांक 25 फरवरी 2026 को अपराह्न 03:00 बजे पुलिस लाइन सभागार में आयोजित की जाएगी, जिसके उपरांत अधिकारियों के साथ छोटे एवं बड़े लाट साहब जुलूस मार्ग पर फ्लैग मार्च किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनाए रखें, ताकि होली पर्व सुरक्षित एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हो सके।
0 Comments