Breaking News

होली पर्व की तैयारियों पर जिलाधिकारी की समीक्षा बैठक, जुलूस मार्गों की व्यवस्थाएँ 20 फरवरी तक पूर्ण करने के निर्देश


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 13 फरवरी।

जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने नगर में निकलने वाले छोटे एवं बड़े लाट साहब जुलूसों तथा पारंपरिक आयोजनों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जुलूस मार्गों पर ढीले विद्युत तार, झुके पोल तथा अन्य अव्यवस्थाओं को 20 फरवरी तक हर हाल में दुरुस्त करने, मार्गों से ईंट-पत्थर हटाकर समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में होलिका दहन, छोटे-बड़े लाट साहब जुलूस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं तथा प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने तहसील एवं थाना स्तर पर की जा रही तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने जुलूस मार्गों एवं होलिका दहन स्थलों का स्वयं निरीक्षण करने तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय से पूर्व ड्यूटी स्थल पर पहुँचकर जुलूस समाप्ति तक सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई एवं मूलभूत सुविधाओं की निर्बाध व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम व संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों तथा आपातकालीन सेवाओं की अग्रिम ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेन्द्र कुमार, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन ने नागरिकों से होली पर्व को आपसी सौहार्द, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments