शाहजहाँपुर। जनपद में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने नगर पंचायत कांट का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय अभिलेखों की जांच करते हुए व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जन्म और मृत्यु से जुड़े अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव के लिए अलग दैनिक रजिस्टर तैयार करने को कहा गया।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की गई, जिसमें कान्हा गौशाला निर्माण, माँ शीतला देवी मंदिर परिसर में बने विश्रामालय, सड़क और नाला निर्माण, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सीसीटीवी व्यवस्था और वेस्ट मैनेजमेंट परियोजनाएं शामिल रहीं। जिलाधिकारी ने इन कार्यों की सराहना करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में बने विश्रामालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और निर्माणाधीन कान्हा गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा 31 मार्च 2026 तक पूरे किए जाएं।
इस दौरान वेट वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट और मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का निरीक्षण करते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। उन्होंने सेंटर पर आने वाले कूड़ा वाहनों का नियमित पंजीकरण और सीसीटीवी फुटेज कम से कम एक माह तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।
साथ ही एमआरएफ सेंटर तक जाने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण को शीघ्र पूरा कराने और नगर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर घर पर क्यूआर कोड आधारित कूड़ा संग्रहण प्रणाली लागू करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी, अभियंता, पूर्व अध्यक्ष, सभासदगण और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
0 Comments