Breaking News

स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर में छात्रों को मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

स्वामी शुकदेवानन्द कॉलेज, शाहजहाँपुर। डी.एल.एड. विभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत शुक्रवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिन की शुरुआत ध्वजारोहण एवं प्रार्थना के साथ हुई।

प्रशिक्षण आयुक्त करूण कुमार पांडे एवं प्रतिनिधि खुशी श्रीवास्तव ने प्रशिक्षुओं को टेंट निर्माण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि टेंट लगाने से पहले समतल एवं सुरक्षित स्थान का चयन, जमीन की सफाई, पानी निकासी की व्यवस्था, खूँटों को मजबूती से गाड़ना तथा रस्सियों को सही कोण पर बांधना अत्यंत आवश्यक है। इसके बाद प्रशिक्षुओं को समूहों में विभाजित कर टेंट लगाने का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।

दूसरे सत्र में विभिन्न संकेत, प्रतीक, दिशा सूचक चिह्न तथा कंपास के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम दिशा की पहचान तथा मानचित्र के माध्यम से सही मार्ग निर्धारित करने की विधि समझाई गई। समूहों में विभाजित कर उन्हें निर्धारित स्थान तक पहुँचने का अभ्यास भी कराया गया, जिससे उनकी निर्णय क्षमता और टीम भावना का विकास हुआ।

तृतीय सत्र में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने कटने-छिलने, मोच, जलने, साँप या कीड़े के काटने तथा बेहोशी की स्थिति में सहायता के तरीके बताए। साथ ही पट्टी बांधने, त्रिकोणीय पट्टी के उपयोग, घायल को सुरक्षित स्थान पर ले जाने और सीपीआर की प्रारंभिक जानकारी भी दी गई।

अंतिम चरण में भूकंप, आग, बाढ़ एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान बचाव एवं राहत कार्यों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को आपात स्थिति में संयम बनाए रखते हुए सुरक्षित निकासी, घायलों की सहायता और प्रशासन को सूचना देने की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम में डॉ. मनोज कुमार मिश्र, डॉ. गौरव शर्मा, श्रीमती अमिता रस्तोगी, श्रीमती शिवानी भारद्वाज, डॉ. नीरज गुप्ता, श्री शैलेन्द्र द्विवेदी, श्री सर्वोत्तम शर्मा, श्रीमती प्रतिभा शर्मा, श्रीमती रचना रस्तोगी एवं जय सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments