शाहजहाँपुर, 16 फरवरी 2026:
जनपद शाहजहाँपुर के थाना निगोही क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शस्त्र निर्माण करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने मौके से एक अभियुक्त को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में अवैध असलहा, कारतूस एवं शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना निगोही पुलिस को यह सफलता मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मिलकिया के बाहर एक खंडहर मकान में छापेमारी की, जहां संतोष (42 वर्ष) निवासी ग्राम भटपुरा मिश्र को अवैध तमंचे बनाते हुए गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर के तीन तमंचे, 12 बोर के दो तमंचे, कारतूस एवं खोखा कारतूस सहित बड़ी संख्या में शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार मौके पर एक अस्थायी अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह अपने भाइयों सोनू उर्फ सोनपाल और सुखपाल के साथ मिलकर अवैध शस्त्र बनाता था। इन शस्त्रों की सप्लाई अन्य जनपदों में की जाती थी और आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए बड़े स्तर पर बिक्री की तैयारी की जा रही थी।
इस मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments