स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
दिनांक: 25 मार्च, 2026
भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत जनपद में आयोजित तीन दिवसीय फील्ड ट्रेनर प्रशिक्षण कार्यक्रम का द्वितीय बैच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम सेंट पॉल इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया।
द्वितीय बैच में 24 फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि इससे पूर्व प्रथम चरण में 80 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा किया जा चुका है।
इस प्रकार कुल 104 फील्ड ट्रेनरों का प्रशिक्षण संपन्न हुआ।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान निर्देश दिए कि प्रशिक्षण से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान आपसी समन्वय एवं विशेषज्ञों के माध्यम से किया जाए, ताकि सभी प्रशिक्षुओं को समान रूप से लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि फील्ड ट्रेनर आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध प्रशिक्षण सामग्री (वीडियो, पीडीएफ आदि) का अध्ययन करें तथा उसका संक्षिप्त सार समूह में साझा करें, जिससे कार्य और अधिक प्रभावी हो सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि फील्ड ट्रेनरों की ड्यूटी उनके कार्यस्थल के समीप लगाई जाएगी और वे दो-दो के समूह (पेयर) बनाकर कार्य करें, जिससे कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सके।
उन्होंने बताया कि फील्ड ट्रेनर ही एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देंगे, तथा प्रशिक्षण के बाद उनकी परीक्षा आयोजित कर कार्यकुशलता का मूल्यांकन किया जाएगा।
1 से 15 अप्रैल तक एन्यूमरेटर एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे आगामी जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में द्वितीय बैच के फील्ड ट्रेनरों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया गया।
एडीएम वित्त एवं राजस्व/जिला जनगणना अधिकारी अरविंद कुमार ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित मानकों के अनुसार ही संपन्न किया जाए और किसी प्रकार की जल्दबाजी से बचा जाए।
0 Comments