रिपोर्ट: रिज़वान अली, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 28 फरवरी 2026। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के थाना बंथरा क्षेत्र में गैर इरादतन हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी पत्नी को मायके भेजने को लेकर हुए विवाद में ससुर के सिर पर फावड़े से वार कर दिया था, जिससे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम चक थाना बंथरा निवासी रामनरेश अपनी बेटी को ससुराल से मायके ले जाने पहुंचे थे। इसी दौरान दामाद संदीप रावत से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के बीच संदीप रावत ने फावड़े से रामनरेश के सिर पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामनरेश को पहले स्थानीय अस्पताल, फिर लोकबंधु अस्पताल और बाद में केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया, जहां 26 फरवरी 2026 को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
घटना के संबंध में वादिनी पूजा रावत की तहरीर पर थाना बंथरा में मु0अ0सं0-45/2026 धारा 85/115(2)/352/110 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में पीड़ित की मृत्यु होने पर धारा 105 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चक से नरायनपुर-बेहटा मार्ग के पास से आरोपी संदीप रावत (28 वर्ष) पुत्र श्यामलाल को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी को मायके भेजने के मुद्दे पर विवाद हुआ था, जिसके चलते उसने आक्रोश में आकर वार कर दिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक प्रवीण पाल मिश्रा, उपनिरीक्षक श्यामू, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार तथा हेड कांस्टेबल राहुल कुमार सिंह शामिल रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments