Breaking News

शाहजहाँपुर में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक सख्त, अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर। 

जनपद में प्रभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक द्वारा शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना/शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा, जनसुनवाई, प्रभावी गश्त व्यवस्था तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त करें, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करें तथा आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण करें। साथ ही महिला संबंधी अपराधों के मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतते हुए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

आगामी त्यौहारों एवं संभावित आयोजनों को देखते हुए सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



 

Post a Comment

0 Comments