Breaking News

शाहजहाँपुर में अग्निशमन सेवा सप्ताह का शुभारंभ, शोक परेड व जागरूकता रैली आयोजित


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 14 अप्रैल 2026।

जनपद में अग्निशमन सेवा सप्ताह 2026 का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर अग्निशमन केंद्र सदर में शोक परेड आयोजित कर शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, साथ ही जनजागरूकता रैली भी निकाली गई।

ज्ञात हो कि 14 अप्रैल 1944 को ‘फोर्टर्स्टिकन’ नामक मालवाहक जहाज में हुए भीषण विस्फोट एवं अग्निकांड में 66 अग्निशमन कर्मी शहीद हो गए थे। उनकी स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है।

मुख्यालय अग्निशमन एवं आपात सेवा उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा शोक परेड की सलामी ली गई। इस दौरान शहीदों को रीथ अर्पित कर पुष्पांजलि दी गई तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया गया।

इस वर्ष अग्निशमन सेवा सप्ताह की थीम "सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज, आग की रोकथाम के लिए एक साथ" निर्धारित की गई है।


कार्यक्रम के दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी धीरेन्द्र सिंह यादव, अग्निशमन अधिकारी डॉ. बी.एन. पटेल सहित अन्य कर्मियों को पिन फ्लैग लगाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद अग्निशमन वाहनों की जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

यह रैली फायर स्टेशन सदर से निकलकर नगर के प्रमुख स्थानों से होते हुए गुजरी, जहां आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा पंपलेट वितरित कर आवश्यक जानकारी दी गई।

इसके अलावा जनपद के अन्य अग्निशमन केंद्रों—जलालाबाद, पुवायाँ, कटरा एवं मिर्जापुर में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

Post a Comment

0 Comments