Breaking News

भूगर्भ जल सप्ताह-2026 का शुभारंभ, डीएम ने जन-जागरूकता वाहन को दिखाई हरी झंडी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 16 से 22 जुलाई 2026 तक मनाए जा रहे भूगर्भ जल सप्ताह-2026 के अंतर्गत जनपद शाहजहाँपुर में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह जागरूकता वाहन 16 से 22 जुलाई तक जनपद के सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों, विकास खंडों और नगर निकायों में भ्रमण कर आमजन को वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण एवं जल संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करेगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से ही भूजल स्तर को सुरक्षित एवं समृद्ध बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष भूगर्भ जल सप्ताह-2026 का मुख्य संदेश है—
"जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प।"

भूगर्भ जल सप्ताह के दौरान ग्राम पंचायत, विकास खंड, नगर पंचायत, नगर पालिका एवं नगर निगम स्तर पर जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन, पौधारोपण, जन-जागरूकता रैलियां, शपथ ग्रहण, कार्यशालाएं एवं विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, सीनियर हाइड्रोजियोलॉजिस्ट सौरभ साह, लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments