Breaking News

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ₹8.81 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई 2026 को गोविंदबाग निवासी कु. शालिनी वर्मा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मनोज कुमार चौहान ने राजस्व विभाग में अमीन के पद पर सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹8.81 लाख की ठगी की। आरोप है कि आरोपी ने फर्जी नियुक्ति पत्र भी उपलब्ध कराया और रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने 16 जुलाई 2026 को आरोपी मनोज कुमार चौहान, निवासी बनकटवा सराय खास, थाना रेहरा बाजार, को गोविंदबाग सब्जी मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने किया खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले बलरामपुर सदर में स्टाम्प रजिस्ट्री कार्यालय में ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था और पीड़िता के घर किराये पर रहता था। इसी दौरान उसे पता चला कि युवती सरकारी नौकरी की तलाश में है।

आरोपी ने स्वयं को पहले तहसील तुलसीपुर में कनिष्ठ सहायक तथा बाद में जिलाधिकारी कार्यालय में राजस्व विभाग का लेखाकार बताकर विश्वास जीतने की कोशिश की। उसने एक फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर पीड़िता को दिखाया और अलग-अलग समय पर लगभग ₹8 लाख से अधिक की रकम ले ली। इसके बाद वह लगातार नौकरी लगने का झांसा देता रहा और समय टालता रहा। जब पीड़िता ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी उन्हें लौटाने में असमर्थ रहा।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments