Breaking News

परिवार परामर्श केंद्र में 28 मामलों की सुनवाई, 5 दंपतियों के बीच हुआ समझौता

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में वैवाहिक विवादों के निस्तारण हेतु सुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान 28 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से 5 दंपतियों ने आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर पुनः साथ रहने का निर्णय लिया।

परिवार परामर्श केंद्र में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद, मारपीट, अलग रहने, खर्च न देने और पारिवारिक मतभेद से जुड़े मामलों पर दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई गई। परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों को समझाते हुए आपसी संवाद और विश्वास बनाए रखने की सलाह दी।

सुनवाई के बाद रोजा, सेहरामऊ दक्षिणी, पुवायां, सिधौली और मिर्जापुर थाना क्षेत्रों से आए पांच दंपतियों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया। इसके बाद सभी दंपतियों को परिवार परामर्श केंद्र से सकुशल विदा किया गया।

पुलिस का कहना है कि परिवार परामर्श केंद्र का उद्देश्य न्यायालयी प्रक्रिया से पहले आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से वैवाहिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर परिवारों को टूटने से बचाना है।

कार्यक्रम के दौरान परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी महिला उपनिरीक्षक मधु यादव, महिला परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी एवं महिला आरक्षी उपस्थित रहीं।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments