Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस की बड़ी सफलता: 47 लाख रुपये कीमत के 201 गुम मोबाइल बरामद, स्वामियों को किए सुपुर्द

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर पुलिस की सर्विलांस सेल, एसओजी एवं थानों पर संचालित साइबर हेल्प डेस्क की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 47 लाख रुपये मूल्य के 201 गुम हुए एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए शाहजहाँपुर पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।

पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अपराध के पर्यवेक्षण में प्रभारी सर्विलांस सेल एवं एसओजी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे गए।


पुलिस के अनुसार गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन के संबंध में प्राप्त शिकायतों की लगातार तकनीकी निगरानी की जाती है। शिकायतकर्ता पुलिस अधीक्षक कार्यालय अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराते हैं, जिसके आधार पर सर्विलांस टीम मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करती है।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल निकटतम थाना, साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं, ताकि उसके दुरुपयोग को रोका जा सके और तकनीकी सहायता से शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नागरिकों से मोबाइल का आईएमईआई (IMEI) नंबर सुरक्षित रखने और किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध लिंक पर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करने की भी सलाह दी।

इस सराहनीय कार्य में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम तथा जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात साइबर हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

0 Comments