स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों और सड़क अवसंरचना को और मजबूत करने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के साथ प्रदेश की प्रमुख प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की।
बैठक में मथुरा–बरेली–सितारगंज, आगरा–अलीगढ़, आगरा–ग्वालियर–झांसी–नागपुर आर्थिक गलियारा, कानपुर रिंग रोड और नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (जेवर) संपर्क मार्ग सहित कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राम वनगमन मार्ग, रामजानकी मार्ग और 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ये परियोजनाएं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी।
बैठक में शामली से गोरखपुर तक प्रस्तावित करीब 742 किलोमीटर लंबे 4-लेन एक्सेस कंट्रोल्ड राष्ट्रीय राजमार्ग की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉरिडोर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को नई दिशा देगा। इससे औद्योगिक विकास, निवेश और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ सामरिक दृष्टि से भी प्रदेश को मजबूती मिलेगी।
प्रस्तावित नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने उच्च क्षमता वाले सड़क नेटवर्क को संतुलित क्षेत्रीय और आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण, वन स्वीकृति, उपयोगिताओं के स्थानांतरण और अन्य विभागीय औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए, जिससे सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा में शुरू होकर पूर्ण हो सकें।
उत्तर प्रदेश में मजबूत सड़क नेटवर्क के जरिए औद्योगिक निवेश, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में इन परियोजनाओं को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments