स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में परिवार परामर्श केंद्र का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 30 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिनमें काउंसलिंग एवं आपसी बातचीत के माध्यम से दो दंपतियों के बीच समझौता कराया गया।
पहला मामला थाना निगोही क्षेत्र का रहा। करीब सात वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद आवेदिका लगभग दो वर्षों से मायके में रह रही थी। उसने पति पर मारपीट करने तथा सास के कहने पर चलने का आरोप लगाया। वहीं दूसरे पक्ष ने पत्नी के साथ मारपीट न करने और पत्नी को अपनी मां से अलग रखने की बात कही। दोनों पक्षों की काउंसलिंग एवं आपसी वार्ता के बाद पति-पत्नी ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और दोनों को सकुशल विदा किया गया।
दूसरा मामला थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र का रहा। दंपति की शादी करीब आठ वर्ष पूर्व हुई थी और आवेदिका पिछले तीन माह से मायके में रह रही थी। उसने पति पर मारपीट एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया। वहीं पति ने पत्नी के साथ मारपीट न करने तथा पत्नी और बच्चों को साथ रखने का भरोसा दिया। परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों को समझाया गया, जिसके बाद दोनों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया और साथ रहने पर सहमत हो गए।
परिवार परामर्श केंद्र की पहल के बाद दोनों दंपतियों को सकुशल उनके घर के लिए विदा किया गया।
इस अवसर पर महिला आरक्षी शीतल चौहान, पिंकी, निशा मिश्रा, नेहा चौहान एवं रश्मि चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
