ब्यूरो — संवाददाता माल, लखनऊ
लखनऊ। थाना माल क्षेत्र के ग्राम मुन्नूखेड़ा मजरा सालेहनगर में ज़मीन पर कब्ज़े को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। दिल्ली से वापस लौटी एक महिला ने पड़ोसियों पर उसकी गैरमौजूदगी में जमीन में नापदान खोदने, निकास मार्ग बंद करने और मारपीट की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़िता विनीता देवी पत्नी त्रिभुवन कुमार ने थाना माल में तहरीर देकर बताया कि वह और उनका पति मजदूरी के लिए अधिकतर दिल्ली में रहते हैं। लगभग पन्द्रह दिन पहले जब वह घर पहुंचीं तो देखा कि पड़ोस के सतनू पुत्र कढिले और उसकी पत्नी रानी ने उनकी जमीन में नापदान खोद दिया है और निकास पर अवरोध खड़ा कर दिया है। साथ ही अपने नल की टोंटी भी उनकी भूमि में लगा दी है।
जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मिलकर गंदी-गंदी गालियां दीं और नल की लोहे की पाइप लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने धमकी दी कि “इधर से निकली तो बहुत मारेंगे।”
पीड़िता ने यह भी बताया कि इसी भूमि विवाद को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था, जिसके बाद ग्राम प्रधान व सम्मानित ग्रामीणों की मौजूदगी में यह तय हुआ था कि किसी भी पक्ष द्वारा उक्त जमीन पर कब्ज़ा नहीं किया जाएगा और न ही कोई सामान रखा जाएगा। उस निर्णय की प्रति पीड़िता के पास मौजूद है, जिसका आरोपी पालन नहीं कर रहे हैं।
घटना के बाद विनीता देवी ने तत्काल 112 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी।
पीड़िता ने थाना माल प्रभारी निरीक्षक से शिकायत की है कि मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments