स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर, 23 फरवरी: शाहजहांपुर पुलिस द्वारा आगामी होली पर्व के दृष्टिगत नगर क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने बड़े लाट साहब एवं छोटे लाट साहब जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान सुरक्षा प्रबंध, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और निगरानी तंत्र का बारीकी से आकलन किया गया।
गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर, थाना कोतवाली, थाना सदर बाजार एवं महिला थाना पुलिस बल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रभावी पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय और तत्पर रखा जाए।
आमजन से अपील की गई कि होली पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं, पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
सीतापुर
0 Comments