ब्यूरो चीफ शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️
बहराइच। विशेश्वरगंज ब्लॉक क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए हैं। इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, विशेश्वरगंज क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी बहराइच को लिखित शिकायत भेजकर आरोप लगाया था कि पंचायत में बिना कार्य कराए ही भुगतान दर्शाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संयुक्त जांच के आदेश दिए।
जांच जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी एवं निर्माण खंड-प्रथम के अवर अभियंता द्वारा की गई। जांच रिपोर्ट में कई बिंदुओं पर अनियमितताओं की पुष्टि हुई। कुछ विकास कार्य अभिलेखों में पूर्ण दर्शाए गए थे, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान वे अधूरे या अस्तित्वहीन पाए गए। भुगतान विवरण और स्थल निरीक्षण में स्पष्ट अंतर सामने आने पर संबंधित ग्राम प्रधान से स्पष्टीकरण मांगा गया।
बताया जाता है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान के वित्तीय अधिकार तत्काल प्रभाव से सीज कर दिए गए तथा पंचायत खातों के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
विकास कार्य बाधित न हों, इसके लिए प्रशासन ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर ग्राम निधि संचालन की जिम्मेदारी अधिकृत सदस्य को सौंप दी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धन के दुरुपयोग को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि आगे भी अनियमितताएं पाई जाती हैं तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने पारदर्शी जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और अंतिम निर्णय सक्षम प्राधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
शाहजहांपुर
0 Comments