ब्यूरो रिपोर्ट रिज़वान अली लखनऊ ✍️
लखनऊ के पुलिस कमिश्नरेट के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना गाजीपुर व क्राइम टीम की संयुक्त कार्रवाई में मुठभेड़ के दौरान दो शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मुख्य अभियुक्त घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 फरवरी 2026 को इंदिरानगर क्षेत्र में एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार होने की घटना के संबंध में थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों का गठन कर अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी।
दिनांक 21/22 फरवरी की रात गाजीपुर क्षेत्र के सर्वोदय नगर बंधा रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने संदिग्ध स्कूटी सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में मोहम्मद रानू नामक अभियुक्त के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे अभियुक्त रिजवान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से दो देशी तमंचे (315 बोर), कारतूस, छिनैती की घटना से संबंधित चेन के दो टुकड़े तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों अभियुक्त राह चलते लोगों की रेकी कर विशेष रूप से अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर चेन व आभूषण छीनते थे और बाद में आपस में बांट लेते थे।
पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
लखनऊ
0 Comments