Breaking News

बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, कस्तूरबा विद्यालयों में सीसीटीवी व सोलर कनेक्शन अनिवार्य

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की योजनाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने एबीएसए से विद्यालयों में पठन संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु प्रतिदिन समाचार पत्र उपलब्ध कराने एवं नियमित पठन सुनिश्चित कराने की जानकारी ली। साथ ही विद्यालयों में पुस्तकालय विकसित करने के निर्देश दिए। मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स एवं एबीएसए द्वारा फरवरी माह में किए गए निरीक्षणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत निरीक्षण सुनिश्चित किए जाएं। निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती के निर्देश भी दिए गए। लंबित डीबीटी एवं आपार आईडी निर्माण की प्रगति शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की समीक्षा के दौरान जनवरी माह में 10 दिन से अधिक अनुपस्थित छात्राओं की जानकारी ली गई। विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, रोटी मेकिंग मशीन की उपलब्धता की स्थिति की भी समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने छात्राओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में वाशिंग मशीन, 10 केवी जेनसेट, ओपन जिम तथा 25 केवी सोलर कनेक्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक विद्यालय का फेसबुक पेज बनाकर उसे एनआईसी वेबसाइट से लिंक करने को कहा, ताकि गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंच सके।

बैठक में प्रोजेक्ट मनन के अंतर्गत छात्राओं के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित पर्सनालिटी डेवलपमेंट कक्षाओं की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, बीएसए दिव्या गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments