Breaking News

संकल्प दिवस पर पीओके विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर में 23 फरवरी 2026 को लद्दाख एवं जम्मू-कश्मीर अध्ययन केंद्र, शाहजीपुर की ओर से संकल्प दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

एसएस विधि महाविद्यालय में आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. जयशंकर ओझा ने कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर सांस्कृतिक दृष्टि से भारत के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मां सरस्वती के प्राचीन शारदा शक्ति पीठ सहित कई ऐतिहासिक धार्मिक स्थल वहां स्थित हैं, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं।

कार्यक्रम में अध्ययन केंद्र के संयोजक डॉ. आलोक सिंह ने जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख के भौगोलिक और सामरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह क्षेत्र रणनीतिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कुछ हिस्सों पर चीन और पाकिस्तान का अवैध कब्जा है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चुनौती बना हुआ है।

वहीं राजकीय प्रेम किशन खन्ना डिग्री कॉलेज जलालाबाद में आयोजित प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य प्रो. एस.के. यादव ने कहा कि 22 फरवरी 1994 को संसद के दोनों सदनों में पारित प्रस्ताव भारत की अखंडता के प्रति दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।

इसी क्रम में एल बी एस इंटर कॉलेज तिलहर में आयोजित गोष्ठी में डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि अध्ययन केंद्र द्वारा इस विषय को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे लोगों में जागरूकता बढ़ी है।

कार्यक्रमों में डॉ. संदीप दीक्षित, डॉ. चंदन गिरि गोस्वामी एवं डॉ. संदीप अवस्थी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

Post a Comment

0 Comments