ब्यूरो रिपोर्ट: विशेष संवाददाता, लखनऊ ✍️
लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता को प्रताड़ित कर घर से निकाल दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता अंजली गौतम के अनुसार, उसकी शादी बुद्धेश्वर मंदिर में हुई थी, जिसके बाद वह अपने पति के साथ पारा क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी। कुछ समय बाद वह ससुराल गई, जहां शुरुआत में व्यवहार सामान्य रहा, लेकिन बाद में ससुराल पक्ष का रवैया बदल गया।
पीड़िता का आरोप है कि सास-ससुर ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह दोबारा पति के साथ किराए के मकान में रहने लगी, लेकिन करीब तीन माह पूर्व उसका पति उसे छोड़कर फरार हो गया।
आरोप है कि पति और ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग रखते हुए कहा कि उनकी दूसरी शादी तय हो चुकी है और यदि दहेज की व्यवस्था की जाती है तभी उसे साथ रखा जाएगा।
आर्थिक तंगी के कारण पीड़िता किराया नहीं दे सकी, जिससे अब उसके पास रहने का कोई ठिकाना नहीं बचा और वह सड़क पर रहने को मजबूर है।
पीड़िता ने पारा थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है, लेकिन उसका कहना है कि अब तक मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा और दहेज उत्पीड़न जैसे गंभीर मुद्दों को सामने ला दिया है। पीड़िता ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
उन्नाव
0 Comments