ब्यूरो रिपोर्ट: शशांक मिश्रा
लखनऊ, 11 अप्रैल 2026।
सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बारा बिरवां सब्जी मार्केट में शुक्रवार रात्रि लगभग 10:30 बजे लगी भीषण आग ने 26 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
शनिवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित व्यापारियों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इस दौरान प्रभावित 26 दुकानदारों को तत्काल राहत स्वरूप ₹10,000-₹10,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि घटना को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं जिलाधिकारी लखनऊ से वार्ता कर पीड़ितों को अधिकतम सहायता दिलाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग के माध्यम से मुआवजे की व्यवस्था कराई जाएगी तथा लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) से समन्वय कर क्षतिग्रस्त दुकानों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा।
विधायक ने प्रभावित व्यापारियों से संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे अकेले नहीं हैं, बल्कि पूरा सरोजनीनगर परिवार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि यह घटना केवल आगजनी नहीं, बल्कि कई परिवारों की आजीविका पर गहरा संकट है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि सभी प्रभावित जल्द इस संकट से उबरें।
इस मौके पर क्षेत्रीय पार्षद सौरभ सिंह मोनू, उपजिलाधिकारी अंकित शुक्ला, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनूप मिश्रा, मंडल मंत्री प्रीतम सिंह, प्रदीप मिश्रा, साधन गुप्ता, शिविता गोयल एवं गंगाराम भारती सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments