Breaking News

शाहजहाँपुर: बी.एड-एम.एड विद्यार्थियों ने किया बाल सुधार गृह का शैक्षणिक भ्रमण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻 

शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज के बी.एड. एवं एम.एड. के विद्यार्थियों ने बाल सुधार गृह का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य भावी शिक्षकों को किशोर न्याय प्रणाली, बाल मनोविज्ञान तथा सुधार एवं पुनर्वास की प्रक्रिया से अवगत कराना था।

भ्रमण के दौरान बाल सुधार गृह के अधीक्षक ने विद्यार्थियों को केंद्र की कार्यप्रणाली, नियमों एवं यहां संचालित शैक्षिक, व्यावसायिक और परामर्श कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अनुशासन, देखभाल, मार्गदर्शन और भावनात्मक सहयोग किशोरों के सुधार और समाज में पुनर्स्थापन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

विद्यार्थियों ने किशोरों की दिनचर्या, आवास व्यवस्था और शिक्षण सुविधाओं का अवलोकन करते हुए उनके व्यवहारिक पक्ष को समझा। इस दौरान उन्हें यह भी बताया गया कि ऐसे बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

शिक्षक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ शिक्षक प्रोफेसर (डॉ.) प्रभात शुक्ल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इन संस्थानों का उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि बच्चों का सुधार, मार्गदर्शन और पुनर्वास करना है। उन्होंने कहा कि उचित दिशा और सहयोग मिलने पर हर बच्चा समाज का उपयोगी सदस्य बन सकता है।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपील की कि वे ऐसे बच्चों के प्रति सहानुभूति रखें और एक शिक्षक के रूप में उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करें, जिससे वे भविष्य में किसी भी प्रकार के भटकाव से बच सकें।

इस अवसर पर डॉ. बृज निवास, डॉ. राहुल कुमार, डॉ. अखिलेश तिवारी, डॉ. संजय कुमार, सौरभ मिश्रा, अमित गुप्ता, राजीव यादव, रोहित सिंह, राम औतार सिंह, रेनू बहुखण्डी, डॉ. प्रियंका शर्मा, प्रिया शर्मा सहित बी.एड. एवं एम.एड. के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे।



Post a Comment

0 Comments