स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव उत्तरप्रदेश ✍🏻
शाहजहांपुर, 08 अप्रैल 2026। आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों के बावजूद सफलता हासिल करते हुए शाहजहांपुर की निकिता ने यूपीपीसीएस-2024 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सब-रजिस्ट्रार पद पर चयन प्राप्त किया है। उनकी इस उपलब्धि ने जिले का नाम रोशन किया है।
निकिता की सफलता के पीछे समाज कल्याण मंत्रालय द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग और मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इन योजनाओं के माध्यम से उन्हें गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और अनुभवी शिक्षकों का सहयोग प्राप्त हुआ।
निःशुल्क कोचिंग से मिली नई दिशा
समाज कल्याण विभाग द्वारा गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में निःशुल्क आवासीय कोचिंग संचालित की जा रही है, जहां अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के लिए समुचित वातावरण प्रदान किया जाता है। साथ ही मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रदेश भर में प्रशिक्षण केंद्र संचालित कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है।
हॉस्टल से लाइब्रेरी तक सभी सुविधाएं
संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, इस योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को निःशुल्क हॉस्टल, भोजन, लाइब्रेरी एवं नियमित कक्षाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित क्लास, उत्तर लेखन अभ्यास एवं मॉडल टेस्ट के माध्यम से मुख्य परीक्षा की तैयारी कराई जाती है।
प्रदेश के 75 जिलों में 166 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से संचालित अभ्युदय योजना के अंतर्गत यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एनडीए एवं सीडीएस जैसी परीक्षाओं की तैयारी निःशुल्क कराई जा रही है।
राज्यमंत्री का बयान
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे। अभ्युदय योजना और निःशुल्क कोचिंग इसके सशक्त माध्यम हैं, जो युवाओं को समान अवसर प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि निकिता की सफलता इस बात का प्रमाण है कि सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर युवा किसी भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
0 Comments