ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जनपद में आर्थिक रूप से कमजोर एवं पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के निर्देशन में कार्यक्रमों के सफल आयोजन हेतु विभागवार जिम्मेदारियां तय कर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।
जनपद में तहसीलवार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। 20 जुलाई 2026 को शालीमार मैरिज लॉन (तहसील उतरौला), 23 जुलाई 2026 को एमडीएसआर मैरिज लॉन (तहसील तुलसीपुर) तथा 25 जुलाई 2026 को माया होटल (तहसील बलरामपुर) में कार्यक्रम आयोजित होगा। इन समारोहों में संबंधित विकासखंडों एवं नगर निकायों के पात्र जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों एवं सामाजिक गरिमा के अनुरूप संपन्न कराया जाएगा।
कार्यक्रमों के सुचारु संचालन के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक आयोजन स्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। तहसील उतरौला के लिए परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास विभाग, तहसील तुलसीपुर के लिए उपायुक्त श्रम एवं रोजगार तथा तहसील बलरामपुर के लिए जिला विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
लाभार्थियों को प्रदान की जाने वाली ब्राइडल किट एवं विवाह सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए परीक्षण समितियों का गठन भी किया गया है, जो सामग्री का परीक्षण कर उसकी गुणवत्ता की पुष्टि करेंगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छ पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, बैठक व्यवस्था एवं पार्किंग सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र जोड़े का विवाह गरिमापूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक एवं सामाजिक गरिमा के साथ विवाह आयोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments