Breaking News

सीएमओ के औचक निरीक्षण में प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत दो कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️

बलरामपुर। जनपद के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मणिपुर सहिजना का शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. विजय कुमार एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी आनंद कुमार शुक्ला ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।

सीएमओ ने दोनों कर्मचारियों की अनुपस्थित अवधि का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर एवं भवन की साफ-सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था में सुधार करने तथा अस्पताल परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में समयपालन, अनुशासन एवं स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments