स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत ₹4 करोड़ 62 लाख 62 हजार की लागत से कराए गए गांधी भवन के सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण किया तथा फीता काटकर एवं भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने जनपद में विकास कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी योजना के तहत गांधी प्रेक्षागृह के साथ-साथ नगर के प्रवेश मार्गों और प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। सभी परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद शाहजहाँपुर का स्वरूप पूरी तरह बदल जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के लिए लगभग ₹350 करोड़ उपलब्ध कराए गए हैं, जिनसे शहर में व्यापक विकास कार्य किए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि शाहजहाँपुर को प्रदेश के विकसित नगरों की श्रेणी में स्थापित किया जाए।
वित्त मंत्री ने दुकानदारों से अपील की कि वे दुकानों के बाहर सड़क पर सामान न रखें, जिससे यातायात बाधित न हो और शहर की सुंदरता बनी रहे। उन्होंने महापौर एवं नगर आयुक्त को मुख्य मार्गों पर रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि गांधी भवन शहर की सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आधुनिक स्वरूप देकर नई पहचान मिली है। वहीं सांसद अरुण कुमार सागर और राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने भी वित्त मंत्री के नेतृत्व में जनपद में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में तिलहर विधायक सलोना कुशवाहा, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments