Breaking News

नवीन सर्किट हाउस पहुंच मार्ग का शिलान्यास, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने किया वृक्षारोपण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शनिवार को दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-30) से नवीन सर्किट हाउस तक बनने वाले पहुंच मार्ग (रिट्रीट रोड) के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने शिलापट्ट का अनावरण करने के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, सांसद अरुण कुमार सागर, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि 1.20 किलोमीटर लंबा और 7.20 मीटर चौड़ा यह पहुंच मार्ग उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा। इसकी स्वीकृत लागत ₹7.13 करोड़ (₹713.01 लाख) है। यह मार्ग सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने के कारण नवीन सर्किट हाउस तक आवागमन को अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाएगा।

उन्होंने कहा कि किसी भी सर्किट हाउस की उपयोगिता उसकी बेहतर कनेक्टिविटी पर निर्भर करती है। यह मार्ग जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों के लिए आवागमन को आसान बनाएगा। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की सराहना भी की।

सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वित्त मंत्री के प्रयासों से शाहजहाँपुर लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और जनपद को अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिली है।

वहीं एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना, बेहतर सड़कें और विकास परियोजनाएं वित्त मंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम हैं। ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने भी इस मार्ग को जनपद के विकास में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। इस परियोजना का निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) द्वारा कराया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments