✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहाँपुर। विकास भवन सभागार में शनिवार को नगर निगम सदन की महत्वपूर्ण बैठक महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा की अध्यक्षता एवं उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में संपत्ति कर की चालू मांग पर दी जा रही 10 प्रतिशत छूट की अवधि को 30 सितंबर 2026 तक बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया, ताकि अधिक से अधिक करदाताओं को इसका लाभ मिल सके।
इसके अलावा शहर की स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बड़ी फॉगिंग मशीन की खरीद, स्वच्छ सर्वेक्षण के तहत पौधारोपण, जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नालों का निर्माण, दृष्टिबाधित नागरिकों के लिए कल्याण केंद्र की स्थापना, सीएम ग्रिड कार्य के अंतर्गत स्वैच्छिक सहायक की नियुक्ति तथा रोजा क्षेत्र के बरेली मोड़-मठिया कॉलोनी में विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर स्थापित कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि नगर के विकास से जुड़े सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से बेहतर समन्वय स्थापित कर नागरिकों को उत्कृष्ट मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
महापौर श्रीमती अर्चना वर्मा ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को सदन में प्राप्त सुझावों एवं प्रस्तावों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम के पार्षदगण तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments