Breaking News

शाहजहाँपुर: श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक ने डीजे संचालकों और कांवड़ जत्था प्रमुखों के साथ की बैठक

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने जनपद के डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था संचालकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसे शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी डीजे संचालकों को शासन के दिशा-निर्देशों, न्यायालयों के आदेशों तथा ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे केवल निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही संचालित किए जाएं तथा किसी भी प्रकार के भड़काऊ, अश्लील, आपत्तिजनक अथवा धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले गीत, संगीत या नारों का प्रयोग न किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने कांवड़ जत्था संचालकों से यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन या डीजे खड़े कर आवागमन बाधित न किया जाए और किसी भी अफवाह पर विश्वास करने के बजाय उसकी पुष्टि स्थानीय पुलिस से की जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा संबंधित थाना पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने विद्युत सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आपदा की स्थिति में बचाव के उपाय तथा यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। सभी डीजे संचालकों एवं कांवड़ जत्था प्रमुखों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक थाना क्षेत्र से निकलने वाले प्रत्येक कांवड़ जत्थे के लिए एक नोडल उपनिरीक्षक नियुक्त किया जाएगा, जो यात्रा के दौरान जत्थे के निरंतर संपर्क में रहकर आवश्यक सहायता एवं समन्वय सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि जनपद के सभी थानों पर चरणबद्ध रूप से कांवड़ जत्था संचालकों के साथ बैठकें आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

शाहजहाँपुर पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात एवं प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता व्यक्त की है।

Post a Comment

0 Comments