Breaking News

शाहजहाँपुर: सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाली पीआरबी-1344 बनी "पीआरबी ऑफ द डे", कर्मियों को मिला सम्मान

 

✍️ स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश

शाहजहाँपुर। सड़क दुर्घटना में घायल तीन लोगों को त्वरित राहत पहुंचाकर उनकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाली यूपी-112 की पीआरबी-1344 को "पीआरबी ऑफ द डे" सम्मान से नवाजा गया। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पीआरबी पर तैनात पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

पुलिस के अनुसार 17 जुलाई 2026 को थाना तिलहर क्षेत्र के निगम घाट राई खुर्द में सड़क दुर्घटना की सूचना यूपी-112 की पीआरबी-1344 को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पीआरबी टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक कार मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर फरार हो गई थी। हादसे में बाइक सवार दो पुरुष और एक महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े थे।

पीआरबी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तीनों घायलों को तत्काल पीआरबी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया। साथ ही स्थानीय थाना पुलिस एवं घायलों के परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

पीआरबी-1344 की इस सराहनीय कार्यशैली को देखते हुए पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 मुख्यालय, लखनऊ द्वारा इसे "पीआरबी ऑफ द डे" के रूप में चयनित किया गया तथा टीम के पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं नोडल अधिकारी, यूपी-112 शाहजहाँपुर ने पीआरबी-1344 पर तैनात पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के कर्तव्यनिष्ठ, संवेदनशील एवं त्वरित कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में भी जनसेवा की इसी भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस हर समय तत्पर है।


Post a Comment

0 Comments