Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस का विशेष अभियान जारी, 17 जनशिकायतों का मौके पर किया गया निस्तारण

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 18 जुलाई 2026 को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 17 शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निस्तारण किया गया।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

अभियान के अंतर्गत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के पास स्वयं पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस स्वयं शिकायतकर्ता के पास पहुंचकर स्थलीय जांच करेगी, दोनों पक्षों का फीडबैक लेगी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करेगी।

शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों के प्रभावी एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments