Breaking News

न्यायालय सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस कर्मियों का विशेष प्रशिक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। न्यायालयों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन, शाहजहाँपुर में न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह प्रशिक्षण पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में आयोजित हुआ, जिसमें क्षेत्राधिकारी नगर ने न्यायालय सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर पुलिस कर्मियों को विस्तृत जानकारी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के दौरान न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर प्रभावी निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की पहचान, अभियुक्तों को सुरक्षित न्यायालय तक लाने-ले जाने की प्रक्रिया तथा उनकी अभिरक्षा संबंधी मानकों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला अभियुक्तों से संबंधित सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

क्षेत्राधिकारी नगर ने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि न्यायालय परिसर में आने वाले न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं आम नागरिकों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखें तथा ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों एवं संबंधित थाना पुलिस को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

प्रशिक्षण में मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी), सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग, संचार व्यवस्था, आपसी समन्वय तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने और उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि न्यायालयों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और पुलिस बल की दक्षता एवं कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आगे भी नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments