Breaking News

विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, शाहजहाँपुर में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर मंथन

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शाहजहाँपुर में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन (संभाजन) की प्रक्रिया तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदेय स्थलों का पुनर्गठन किया जा रहा है। इसके लिए मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, नए भवनों का चयन तथा राजनीतिक दलों एवं आमजन से सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

उन्होंने बताया कि जनपद की छह विधानसभा सीटों में वर्तमान में 2,810 मतदेय स्थल हैं। प्रारंभिक प्रकाशन के बाद इनकी संख्या 2,600 प्रस्तावित की गई थी, जबकि प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद 2,601 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतदेय स्थल ऐसे भवनों में स्थापित किए जाएंगे जहां मतदाताओं को बिजली, पेयजल, रैंप, शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। जर्जर, अस्थायी अथवा अत्यधिक दूर स्थित मतदेय स्थलों को नियमानुसार उपयुक्त भवनों में स्थानांतरित किया जाएगा। साथ ही दिव्यांग एवं वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि यदि प्रस्तावित मतदेय स्थलों के संबंध में कोई सुझाव या आपत्ति हो तो 22 जुलाई 2026 तक संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध करा दें, ताकि उनका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, निर्वाचन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments