Breaking News

संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनीं जन शिकायतें, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता नहीं होगी क्षम्य, गिरेगी गाज : डीएम धर्मेन्द्र प्रताप सिंह

शाहजहाँपुर। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस, जनता दर्शन तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त सभी शिकायतों का मौके पर जाकर जांच की जाए। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के साथ जियो टैग फोटो लेकर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायत निस्तारण में संतुष्टि का प्रतिशत कम होने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का 15 दिनों के भीतर निस्तारण हर हाल में किया जाए। निर्धारित समय सीमा का पालन न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना समुचित जांच के किसी भी प्रकरण को स्पेशल क्लोज न करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments