स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जनपद के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने ₹26.32 करोड़ (₹2632.76 लाख) की लागत से विकसित परमवीर चक्र नायक जदूनाथ सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, सांसद अरुण कुमार सागर, विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डी.पी.एस. राठौर सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने तरणताल (स्विमिंग पूल), बैडमिंटन कोर्ट एवं कबड्डी इंडोर हॉल का उद्घाटन किया तथा 400 मीटर सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का शिलापट्ट अनावरण किया। उन्होंने बैडमिंटन कोर्ट में खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन खेलकर उनका उत्साहवर्धन भी किया। खिलाड़ियों ने उनका पुष्पमालाओं से स्वागत करते हुए कहा कि अब आधुनिक खेल सुविधाओं के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मंत्री के मार्गदर्शन में शाहजहाँपुर में खेल अवसंरचना को नई पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि हॉकी स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है और इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जिला खेल प्रोत्साहन समिति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिदिन पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर प्रतिमाह लगभग ₹5 से ₹6 लाख व्यय होंगे। उन्होंने बताया कि जनपद के 9 खिलाड़ियों का राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए चयन होना जिले के लिए गौरव की बात है।
सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि वित्त मंत्री के नेतृत्व में शाहजहाँपुर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और खेल, शिक्षा तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माहिका खन्ना ने स्टेडियम की आधुनिक सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इससे शाहजहाँपुर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बनाएगा और यहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने की दिशा में नए अवसर मिलेंगे।
अपने संबोधन में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि खिलाड़ियों को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम में स्विमिंग पूल, अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप 400 मीटर सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल, कबड्डी इंडोर हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट, बैडमिंटन कक्ष, क्रिकेट पिच, सिटिंग एरिया, सेल्फी पॉइंट तथा सीसीटीवी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने स्टेडियम में शीघ्र ही जनरेटर की व्यवस्था एवं हॉकी क्लब की स्थापना कराने की भी घोषणा की।
मंत्री ने खिलाड़ियों को सरकार की विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी देते हुए मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ओलंपियन ललित उपाध्याय को डिप्टी एसपी पद पर सीधी नियुक्ति दिए जाने का उदाहरण देते हुए युवाओं को खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप यादव, उपसभापति वेद प्रकाश मौर्य, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, सुरेंद्र नाथ वाल्मीकि, विनीत मिश्रा, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, जिला क्रीड़ा अधिकारी एस.पी. बामनिया सहित अनेक अधिकारी, खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments