Breaking News

हसनगंज तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस, 345 शिकायतें प्राप्त; 21 का मौके पर निस्तारण


जिला संवाददाता उन्नाव ✍️

उन्नाव (हसनगंज)। शनिवार को हसनगंज तहसील में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 345 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 21 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 140, पुलिस विभाग की 55, विकास विभाग की 60, विद्युत विभाग की 20 तथा अन्य विभागों की 70 शिकायतें शामिल रहीं। उपजिलाधिकारी ने सभी फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

मकान निर्माण में बाधा की शिकायत

समाधान दिवस में मरहा मजरा निवासी नीता पत्नी रामनरेश ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह अपना कच्चा मकान गिराकर नया मकान बनवाना चाहती हैं, लेकिन कुछ लोगों द्वारा की जा रही शिकायतों के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।

भूमि बंटवारे में अनियमितता का आरोप

इसी गांव के निवासी छेदीलाल पुत्र देवी ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि धारा-16 के तहत भूमि बंटवारा होने के बावजूद उन्हें उनके हिस्से का कब्जा नहीं मिल सका। उनका कहना है कि खेत के समतलीकरण के दौरान कथित रूप से लेखपाल की मिलीभगत एवं पक्षपात से चिट्ठे के अनुसार पैमाइश नहीं की गई, जिससे उन्हें अपने हिस्से की भूमि पर कब्जा नहीं मिल पाया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की।

उपजिलाधिकारी ने दोनों मामलों सहित अन्य शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए सात दिन के भीतर जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी (सीओ), खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़


Post a Comment

0 Comments